कुशीनगर: बैनर फाड़ने के विवाद में बुजुर्ग की मौत के बाद बवाल, शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
मृतक की पहचान रामभजन गिरी (65 वर्ष) के रूप में हुई है, जो तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग टोला दीप राय के निवासी थे।
कुशीनगर: जनपद के चौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मगूरी पट्टी गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ बैनर फाड़ने के विरोध को लेकर हुए विवाद में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान रामभजन गिरी (65 वर्ष) के रूप में हुई है, जो तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग टोला दीप राय के निवासी थे। आरोप है कि मगूरी पट्टी गांव में बैनर फाड़ने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों का प्रदर्शन
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुँचा, तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने शव को फाजिलनगर-समउर मार्ग पर रखकर चक्का जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रशासनिक सक्रियता
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुशीनगर केशव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। स्थिति को संभालने के लिए उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी जयंत यादव और थानाध्यक्ष गिरजेश उपाध्याय सहित स्थानीय विधायक डॉ. असीम कुमार और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों का बयान
प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक परिजनों का प्रदर्शन जारी था और प्रशासन उन्हें मनाने के प्रयास में जुटा हुआ था।