कुशीनगर के पटहेरवा क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा: तेज रफ्तार कंटेनर ने अनुबंधित बस को मारी टक्कर, कई यात्री घायल; बिजली गुल
सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हादसे के दौरान बस की टक्कर से हाईटेंशन लाइन के दो बड़े पोल टूटकर धराशायी हो गए।
पटहेरवा (कुशीनगर):
कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रजवटिया के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से अनुबंधित बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक यात्री का हाथ टूटने की खबर है। गनीमत यह रही कि इस भयंकर दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप
हादसे के दौरान बस की टक्कर से हाईटेंशन लाइन के दो बड़े पोल टूटकर धराशायी हो गए। इसके चलते क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की बिजली गुल हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट - #NewsLive31