फाजिलनगर: नेशनल हाईवे-28 पर भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रेलर की टक्कर में दर्जनों घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंडीगढ़ से पश्चिम बंगाल जा रही लग्जरी बस (संख्या HR 38 Z 3498) में लगभग 70 यात्री सवार थे।
कुशीनगर (फाजिलनगर): राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहाँ बधौच मोड़ के पास एक डबल डेकर लग्जरी बस और ट्रेलर ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंडीगढ़ से पश्चिम बंगाल जा रही लग्जरी बस (संख्या HR 38 Z 3498) में लगभग 70 यात्री सवार थे। जैसे ही बस फाजिलनगर स्थित बधौच मोड़ पर पहुँची, सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुँचीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फाजिलनगर भेजा गया।
प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य का सीएचसी में इलाज जारी है।
इस हादसे में ट्रेलर चालक सियाराम (30), बस चालक नौशाद (30), अनवर हुसैन (55), यासीन (28), मोनू (30), अनिल (25), कविता देवी और विंदा देवी समेत दर्जनों यात्री घायल हुए हैं।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है।