विज्ञान के मॉडलों में दिखी नन्हे वैज्ञानिकों की बड़ी सोच, प्रदर्शनी देख गदगद हुए पंडित सुभाष प्रसाद त्रिपाठी

जौरा इंटरमीडिएट कॉलेज में सजी विज्ञान और नवाचार की अनूठी पाठशाला, विद्यार्थियों की प्रतिभा ने अतिथियों को किया प्रभावित

Nov 26, 2026 - 14:36
Nov 26, 2026 - 14:40
 0
विज्ञान के मॉडलों में दिखी नन्हे वैज्ञानिकों की बड़ी सोच, प्रदर्शनी देख गदगद हुए पंडित सुभाष प्रसाद त्रिपाठी

जौरा बाजार, कुशीनगर। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है उसे एक उचित मंच देने की। जौरा इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने अपने वैज्ञानिक मॉडलों, अनूठे प्रयोगों और रचनात्मक सोच के जरिए इस बात को बखूबी साबित किया। बच्चों की कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण देखकर मुख्य अतिथि सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन पंडित सुभाष प्रसाद त्रिपाठी अभिभूत नजर आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुभाष प्रसाद त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और प्रोजेक्टों का बारीकी से अवलोकन किया। प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर बच्चों से उनके मॉडल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट की विशेषताएं समझाईं। बच्चों की प्रस्तुति, मेहनत और नए विचारों ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर पंडित सुभाष प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, इंजीनियर और देश के निर्माता हैं। विज्ञान प्रदर्शनी केवल मॉडल प्रदर्शित करने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा, जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति और नवाचार को सामने लाने का सशक्त मंच है। जब बच्चों को प्रयोग करने और अपनी सोच को धरातल पर उतारने का अवसर मिलता है, तभी उनमें कुछ नया करने का आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को प्राचार्य शुकदेव प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय भठहीं खुर्द कुशीनगर शैलेन्द्र कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य रामू चौधरी, अशोक कुमार, कश्यप कुमार एवं दिलीप सिंह ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने विज्ञान शिक्षा को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान सुबोध पाण्डेय, शिवेंद्र पाण्डेय, अंशुमान चौबे, इरशाद अंसारी, विजय उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

न्यूज लाइव31 | समाज की आवाज, खबरों की 

सच्ची तस्वीर