शुकदेव प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय में नवागत छात्र-छात्राओं का भव्य स्वागत, अतिथियों ने दिया सफलता का मंत्र
बीए, बीएससी, एमए एवं बीएड प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फाजिलनगर (कुशीनगर)। शुकदेव प्रसाद त्रिपाठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भठहीं खुर्द में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रारंभ होने के अवसर पर नवागत छात्र-छात्राओं के स्वागत में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। बीए, बीएससी, एमए एवं बीएड प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मदन मोहन मालवीय डिग्री कॉलेज, देवरिया के विभागाध्यक्ष डॉ. शक्ति सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार, निरंतर अध्ययन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि श्री विनय तिवारी, पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी, श्री मनीष तिवारी, समाजसेवी तथा श्री विनय कुमार द्विवेदी ने भी नवागत विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री हासिल करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों को सीखने का महत्वपूर्ण केंद्र है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र कुमार मिश्र ने की। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने, शिक्षकों का मार्गदर्शन लेने तथा महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन श्री राधेश्याम त्यागी ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नवागत छात्र-छात्राओं ने भी महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदीप दूबे, ब्रजेश मिश्रा, सर्वेश दूबे, डॉ. नीरद पाण्डेय, अमित दूबे सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।