स्टेडियम की बदहाली पर भाजपा नेता व खिलाड़ियों ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन

सफाई, पेयजल, प्रकाश और नियमित रखरखाव की व्यवस्था कराने की मांग

Sep 16, 2026 - 19:14
Sep 16, 2026 - 19:17
 0
स्टेडियम की बदहाली पर भाजपा नेता व खिलाड़ियों ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन

News Live31 l फाजिलनगर 

फाजिलनगर ब्लॉक के कटया मैनुद्दीन गांव में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित खेल स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा नेता ज्ञानेश्वर उर्फ दीपक द्विवेदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने बुधवार को जिला विकास अधिकारी (सीडीओ) वंदिता श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। खिलाड़ियों ने स्टेडियम की नियमित साफ-सफाई, रखरखाव, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की।

खिलाड़ियों ने बताया कि स्टेडियम परिसर में जगह-जगह जंगली घास और झाड़ियां उग आई हैं। नियमित सफाई नहीं होने से खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान सांप, बिच्छू समेत अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। इसके चलते युवा असुरक्षित माहौल में अभ्यास करने को मजबूर हैं।

खिलाड़ियों का कहना है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है, लेकिन कटया मैनुद्दीन स्थित स्टेडियम में बुनियादी सुविधाओं का अभाव इन दावों पर सवाल खड़ा करता है। स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए स्थायी पेयजल व्यवस्था भी नहीं है। गर्मी के दिनों में युवा अपने घरों से पानी की बोतल लेकर अभ्यास के लिए पहुंचते हैं।

वहीं शाम के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी होती है। खिलाड़ियों ने स्टेडियम में हाईमास्ट या पर्याप्त संख्या में लाइटें लगाने की मांग की है, ताकि सुबह के साथ-साथ शाम को भी सुरक्षित तरीके से अभ्यास किया जा सके।

केवल निर्माण नहीं, नियमित रखरखाव भी जरूरी

खिलाड़ियों ने कहा कि केवल स्टेडियम का निर्माण करा देने से खेल सुविधाएं पूरी नहीं होतीं। मैदान की नियमित सफाई, घास और झाड़ियों की कटाई, प्रकाश, पेयजल, शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का लगातार रखरखाव भी आवश्यक है। गांव के कई युवा आज भी सुबह-शाम स्टेडियम में अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। यदि प्रशासन की ओर से जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं तो यहां खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का माहौल मिल सकता है।

खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने प्रशासन, खेल विभाग तथा संबंधित पंचायत से स्टेडियम की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से विशेष रूप से नियमित सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ हाईमास्ट अथवा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की गई।

इस दौरान भाजपा नेता ज्ञानेश्वर उर्फ दीपक द्विवेदी, अरविंद कुशवाहा, विजय कुमार सिंह, आशुतोष गिरी,राजू यादव, विशाल प्रसाद, निहाल द्विवेदी, चंदन यादव, अतुल प्रजापति, सूरज चौहान, संदीप यादव समेत कई खिलाड़ी और ग्रामीण मौजूद रहे।