कुशीनगर: नशे में धुत दीवान ने पार की मर्यादा, थाने में ही थानाअध्यक्ष से की बदसलूकी

Jul 6, 2026 - 17:31
 0
कुशीनगर: नशे में धुत दीवान ने पार की मर्यादा, थाने में ही थानाअध्यक्ष से की बदसलूकी

कुशीनगर: वर्दी की गरिमा को तार-तार करने वाला एक शर्मनाक मामला सामने आया है। बेलवा कारखास के चौराखास थाने में तैनात एक दीवान, बृजकिशोर सिंह, पर आरोप है कि वह नशे की हालत में ड्यूटी पर पहुँचा और अपने ही वरिष्ठ अधिकारी यानी थानाअध्यक्ष दिनेश कुमार के साथ बदतमीजी पर उतर आया।

क्या है पूरा मामला?

रविवार की सुबह करीब 8 बजे जब थानाअध्यक्ष अपने कार्यालय में अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र की समीक्षा कर रहे थे, तभी दीवान बृजकिशोर सिंह वहां पहुंचा। नशे में धुत दीवान ने बिना किसी ठोस वजह के थानाअध्यक्ष से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते अपशब्दों का इस्तेमाल करने लगा। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन दीवान अपनी मनमानी पर अड़ा रहा और थानाअध्यक्ष को ही चुनौती देने लगा।

एसएसपी का कड़ा एक्शन

स्थिति को बिगड़ता देख थानाअध्यक्ष ने तुरंत पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसपी को दी। उच्च अधिकारियों के आदेश पर दीवान का मेडिकल परीक्षण करवाया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आते ही एसपी केशव कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दीवान बृजकिशोर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।

पहले भी विवादों में रहा है दीवान

यह कोई पहला मौका नहीं है जब यह दीवान सुर्खियों में आया हो। इससे पहले भी उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित तौर पर नशे की हालत में बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ अभद्रता करता हुआ दिखाई दिया था।