कुशीनगर: आकाशीय बिजली गिरने से मुजहना टोल प्लाजा की तकनीकी व्यवस्था ठप, कई घंटे बाधित रहा संचालन

घटना की सूचना मिलते ही टोल प्रबंधन ने तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया

Jul 10, 2026 - 19:59
 0
कुशीनगर: आकाशीय बिजली गिरने से मुजहना टोल प्लाजा की तकनीकी व्यवस्था ठप, कई घंटे बाधित रहा संचालन

News Live31 | कुशीनगर

कुशीनगर जनपद के मुजहना टोल प्लाजा पर बुधवार शाम आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से टोल प्लाजा की तकनीकी व्यवस्था प्रभावित हो गई। घटना में कई कंप्यूटर, कैमरे, नेटवर्किंग सिस्टम तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते कुछ समय के लिए टोल वसूली पूरी तरह बंद करनी पड़ी।

अचानक सिस्टम बंद होने से राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा। टोल प्लाजा पर लगे कैमरे और कई टोल लेन एक साथ बंद हो जाने से कर्मचारियों को संचालन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही टोल प्रबंधन ने तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया, जिसके बाद अधिकांश कैमरे, कंप्यूटर और कई टोल लेनों को दोबारा चालू कर दिया गया। हालांकि तकनीकी खराबी के कारण तीन टोल लेन अभी भी बंद हैं, जिन्हें जल्द चालू करने के प्रयास जारी हैं।

टोल प्रशासन के अनुसार, क्षतिग्रस्त उपकरणों का आकलन किया जा रहा है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और टोल कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। टोल प्रबंधन का कहना है कि शेष तकनीकी खामियों को दूर कर जल्द ही सभी लेनों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा।

रिपोर्ट: News Live31, कुशीनगर