कुशीनगर का 'महाकुंभ': जनहित सेवा समिति ने अब तक किया 158 कन्याओं का कन्यादान, बनकटा बाजार में गूँजी शहनाइयां
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पं. सुभाष प्रसाद त्रिपाठी (पूर्व अध्यक्ष, कोऑपरेटिव बैंक एवं जिला पंचायत) ने कन्यादान की महत्ता बताते हुए नवदंपतियों को सुखद जीवन का आशीर्वाद दिया।
कुशीनगर (फाजिलनगर) न्यूज लाइव 31
समाज सेवा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 'जनहित सेवा समिति' ने बनकटा बाजार में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में निर्धन कन्याओं के हाथ पीले किए। इस संस्था द्वारा अब तक कुल 158 कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जा चुका है, जो पूरे जनपद के लिए एक गौरवशाली उपलब्धि और समाज सेवा की सराहनीय मिसाल है।
शिव मंदिर परिसर में उमड़ा जनसैलाब
फाजिलनगर क्षेत्र के बनकटा बाजार स्थित शिव मंदिर (मेला स्थल) में आयोजित इस कार्यक्रम की रौनक देखते ही बन रही थी। सुबह 10 बजे गाजे-बाजे के साथ बारातियों का भव्य स्वागत हुआ और शाम 5 बजे भावुक माहौल में दुल्हनों की विदाई की रस्म पूरी हुई।
दिग्गजों ने दिया आशीर्वाद, मुख्य अतिथि ने की ₹51,000 की मदद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पं. सुभाष प्रसाद त्रिपाठी (पूर्व अध्यक्ष, कोऑपरेटिव बैंक एवं जिला पंचायत) ने कन्यादान की महत्ता बताते हुए नवदंपतियों को सुखद जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्होंने आयोजन समिति के जज्बे को सलाम करते हुए ₹51,000 की नकद सहायता प्रदान की और सभी जोड़ों को वस्त्र व उपहार भेंट किए।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री व पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष फूलबदन कुशवाहा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और नवयुगलों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंच पर 'भठहीं की आवाज' के प्रधान सम्पादक उद्भव त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भोजपुरी सितारों की सुरीली प्रस्तुतियां
विवाह समारोह का आकर्षण भोजपुरी गायक विनय तिवारी (पवन सिंह-2), दीपक चौबे, नागेंद्र उजाला और बलिराम बाली रहे, जिन्होंने अपनी मनोरम प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
इनके कंधों पर रही जिम्मेदारी
समिति की ओर से संतोष कुशवाहा, नितीश पाण्डेय, मस्तराज सिंह और राजीव पाण्डेय ने कार्यक्रम को सफल बनाने में जी-जान लगा दी। अंत में समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस सेवा कार्य को जारी रखने का संकल्प लिया।