गोरखपुर: मन्नत पूरी होने की खुशी मातम में बदली, सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर

शनिवार शाम जब दंपती का शव गांव पहुंचा, तो वहां कोहराम मच गया। एक साथ उठी दंपती की अर्थी देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।

Jun 7, 2026 - 13:37
 0
गोरखपुर: मन्नत पूरी होने की खुशी मातम में बदली, सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर

गोरखपुर: जिले के चौरी-चौरा क्षेत्र के भोपा बाजार चौराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मन्नत पूरी होने पर मंदिर दर्शन करने जा रहे दंपती की तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, कुशीनगर के चौरा-खास थाना क्षेत्र के रहसू जनूबी पट्टी (टोला पुरैना) गांव एवं मूल निवासी बकुलहर कला 35 वर्षीय संतराज भारती अपनी पत्नी शीला देवी और छोटे बेटे संगम के साथ शुक्रवार सुबह घर से निकले थे। वे एक मन्नत पूरी होने की खुशी में तरकुलहा देवी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे।

जैसे ही वे भोपा बाजार चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतराज भारती और शीला देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका छोटा बेटा संगम बाइक से छिटककर दूर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गांव में पसरा मातम

शनिवार शाम जब दंपती का शव गांव पहुंचा, तो वहां कोहराम मच गया। एक साथ उठी दंपती की अर्थी देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। बड़े बेटे निगम ने जब कांपते हाथों से अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी, तो वहां उपस्थित लोगों का कलेजा फट पड़ा।

फिलहाल, हादसे में घायल छोटे बेटे संगम का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।